इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में भेड़िए ने दो युवकों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। फिर दो बकरियों को मार डाला। शोर सुनकर एक युवक मौके पर पहुंचा और भेड़िए को दबोच लिया। काटने के बावजूद उसने भेड़िए को नहीं छोड़ा। इसके बाद ग्रामीणों ने भेड़िए को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह पूरा मामला पंधाना थाना इलाके के खोदरी गांव का है। युवक के भेड़िए को पकड़ने का वीडियो सामने आया है। इसमें वह भेड़िए को दबोचकर उसके ऊपर लेटा दिख रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, खोदरी गांव का विजय बारे रात करीब 10 बजे गांव के पास तालाब पर शौच के लिए गया था। वहां छिपे भेड़िए ने उस पर हमला कर दिया। उसकी नाक और पैर में गंभीर चोटें आईं हैं।
ये भी पढ़ें: कोर्ट में गैंगरेप के आरोपियों की पिटाई: वकीलों ने दरिंदों को जमकर पीटा, भीड़ से निकालकर ले भागी पुलिस
विजय पर हमले के बाद भेड़िया गांव की तरफ बढ़ा और दो बकरियों को गला दबोचकर मार डाला। शोर सुनकर रोशन गोलकर मौके पर पहुंचा। भेड़िए ने उसके पैर को नोंच लिया। उसे बचाने आए संदीप गोरमाड़े ने भेड़िए को पकड़ लिया। संदीप उसे दबोचकर उसके ऊपर लेट गया।
ये भी पढ़ें: बीजेपी विधायक का बेटा थाने में तलब: पुलिस के सामने हाथ बांधे खड़े नजर आए दिनेश लोधी, अब भी MLA पुत्र का रसूख बरकरार
इसी दौरान अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भेड़िए को रस्सी से बांध दिया और पीट-पीटकर मार डाला। भेड़िए के हमले में घायल विजय बारे, रोशन गोलकर और संदीप गोरमाड़े को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने विजय की हालत गंभीर बताई है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।


