Bihar Politics: राजद सुप्रीमो लालू यादव और पूर्व सीएम राबड़ी देवी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर प्रदेश की सियासत गर्म है। दरअसल बिहार सरकार ने लालू-राबड़ी की जेड प्लस सुरक्षा को वापस लेते हुए उनकी सुरक्षा को घटा दिया, जिसके बाद राबड़ी देवी ने किसी भी प्रकार का सुरक्षा लेने से इंकार करते हुए अपने आवास पर मौजूद सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया। इस बीच सुरक्षा हटाने व कम करने को लेकर राजद सांसद मनोज झा की प्रतिक्रिया सामने आई है।
जनता हमें मुहैया कराएगी सुरक्षा- मनोज झा
राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि, जब सत्ताधारी पार्टी इतनी घटिया हरकत पर उतर आती है, तो जनता सुरक्षा मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि, एक व्यक्ति (लालू यादव) जो इतने सालों तक मुख्यमंत्री रहा, केंद्रीय मंत्री बना और फिर राबड़ी देवी मुख्यमंत्री बनीं, उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, सुरक्षा उन लोगों को दी गई है जिन्हें मच्छर भी नहीं काटता है। इसलिए हमने फैसला किया है कि हमें सुरक्षा नहीं चाहिए। जनता हमें सुरक्षा मुहैया कराएगी।
नीतीश-निशांत को मिली Z+ सुरक्षा पर राजद का तंज
इस बीच राजद ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को मिली जेड प्लस की सुरक्षा को लेकर सम्राट सरकार पर तंज कसा है। राजद ने अपनी पोस्ट में लिखा, नीतीश कुमार जी गंभीर रूप से अस्वस्थ है इसलिए उनकी सुरक्षा और सेहत का ध्यान रखते हुए उनकी गाड़ी पटना एयरपोर्ट के अंदर सीधे रनवे तक जाएगी, उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री के नाते बिहार सरकार की Z+ सुरक्षा और केंद्र सरकार की CRPF कवर के साथ Z+ श्रेणी सुरक्षा मिली है।
राजद ने कहा कि, नीतीश कुमार को बिहार में 5 एकड़ का बंगला और दिल्ली में सबसे बड़ा टाइप-8 श्रेणी का बंगला मिला हुआ है। बेटे निशांत कुमार को Z श्रेणी की सुरक्षा और पूर्व में विधानसभा अध्यक्ष के नाम कर्णांकित 5 एकड़ के बंगले को अकर्णांकित करते निशांत को आवंटित किया गया है।
निशांत को बताया मानसिक रूप से अस्वस्थ
राजद ने आगे लिखा कि, मानसिक रूप से अस्वस्थ नीतीश कुमार और निशांत कुमार दोनों बाप-बेटे Z+ कैटेगरी की सुरक्षा में पटना के दो अलग-अलग 5-5 एकड़ के बंगलों और दिल्ली के बंगलों में रहेंगे। निशांत कुमार को पटना में ललन सिंह द्वारा एक आलीशान पेंटहाउस फ्लैट गिफ्ट में मिला है और नीतीश कुमार का निजी बंगला वसंत कुंज में संजय झा के बगल में मिला है।
ये भी पढ़ें- चौतरफा घिरे खान सर: गिरफ्तारी की डर के बीच कोचिंग और अस्पताल के सील होने का बढ़ा खतरा, नोटिस जारी

