कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर प्रवास पर पहुंचे मंत्री विजय शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके पिता स्व. राजीव गांधी पर भी टिप्पणी की है। मंत्री शाह ने कहा कि “हमारे ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक संस्कार, रीति-रिवाज, प्रथाएं, परंपराएं और कुंभ हमारी पहचान है। दुनिया में कुंभ जैसा कहीं भी नहीं होता है। सनातनियों का इतना बड़ा मेला कहीं नहीं लगता है। राहुल जी कभी किसी कुंभ में गए हैं क्या? मुझे नहीं लगता कि उनके पिताजी भी कभी कुंभ गए होंगे। आज वह हमारे बीच में नहीं हैं।”
आंबेडकर की योजनाओं को कांग्रेस ने मारा
मंत्री विजय शाह ने राहुल गांधी की मऊ यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा “अंबेडकर जी जब पहला चुनाव लड़े तब उन्हें किसने हराया था? उनकी बहुत सी योजनाओं को किसी ने मारा तो सिर्फ कांग्रेस ने मारा। हम तो उनके बताए हुए रास्ते पर चलते हैं। भाजपा अम्बेडकर जी का दिल से सम्मान करती है। राहुल जी को जो करना है वह करें। पूरा देश और जनता उन्हें नकार चुकी है।”
कुपोषण पर सख्त हुए मंत्री
प्रदेश में सहरिया आदिवासियों के बीच सबसे ज्यादा तेजी से पनप रहे कुपोषण पर भी प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री होने के नाते विजय शाह ने सख्त लहजे में बयान दिया है। उन्होंने कहा, “सहरिया आदिवासी क्षेत्रों में पोषण आहार, बेहतर इलाज, राशन और 1500 रुपए हर महीने दिया जा रहा है। यदि किसी भी एक जिलाधिकारी ने इस मामले में गड़बड़ की तो हम सचिव को सस्पेंड नहीं करेंगे। हम 30 तारीख के बाद यदि योजना के लाभ से एक भी सहरिया रह गया तो हम कलेक्टर महोदय को भोपाल ही ले जाएंगे।”
भोपाल गैस त्रासदी का जहरीला कचरा हटाने पर कहा- अपने हाथों से अपनी पीठ थपथपा रहे
भोपाल में यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के कचरे को जलाने के साथ ही उस जगह पर भविष्य की प्लानिंग पर भोपाल गैस त्रासदी मंत्री होने के नाते विजय शाह ने कहा, “इस घटना को बहुत साल हो चुके हैं। बहुत मंत्री आ चुके हैं। मैं बड़ी बात नहीं कर रहा हूं मुझे सिर्फ 1 साल हुआ है। हमने वहां से कचरे को हटाकर दिखाया है। हम उस जहरीले कचरे का निपटान सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट के साथ पर्यावरण के मार्गदर्शन में कर रहे हैं। लोगों के अंदर के डर को हम दूर करके प्रक्रिया आगे बढ़ा रहे हैं। हम तो अपने हाथों से अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। यह काम वही कर सकता है जिसके हाथ लंबे होते हैं। कचरा हटाये जाने के बाद फैक्ट्री की जगह का सही उपयोग हो इसको लेकर भारत सरकार के मिलकर कोई अच्छी योजना बनाएंगे और बहुत जल्दी हम कचरे को जलाकर लोगों के दिल में जो डर है उसे भी खत्म करेंगे।”
नई शराब नीति में प्रदेश के सहरिया आदिवासी बाहुल्य गांव में शराब दुकान खोले जाने की प्लानिंग से जुड़े सवाल पर मंत्री शाह बचते हुए नजर आए और उन्होंने कहा कि यह विषय मेरा नहीं है,मुख्यमंत्री जी, आबकारी मंत्री जी इस पर अच्छे से गौर फरमा पाएंगे। मुझे इस विषय की जानकारी बहुत कम है।

