Bihar News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर से संबंधित मुद्दों को लेकर देश भर में विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर हमलावर है। एक तरफ जहां, आज पटना में बिहार कांग्रेस ने सीईसी के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। वहीं, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला बोला है।

मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस द्वारा देशव्यापी आंदोलन किए जाने पर कहा कि, बंगाल, बिहार और असम में 13 करोड़ लोगों के साथ इन्होंने घटना की। कैसे इन्हें छोड़ दिया जाए?

ज्ञानेश कुमार को फांसी देनी चाहिए- पप्पू यादव

पप्पू यादव ने कहा कि, गरीब आदमी का बेटा UPSC-IAS नहीं करता है। प्रश्न पत्र आउट हो जाता। इसका (ज्ञानेश कुमार) पूरा खानदान ही चुनाव आयोग बनते ही IAS हो गया, IRS हो गया। यह जांच का विषय है। इसकी भी जांच होनी चाहिए। अब सुप्रीम कोर्ट में तो दायर है ही। सुप्रीम कोर्ट को तो सुओ मोटो नोटिस लेना चाहिए। अविलंब फांसी देनी चाहिए।

पप्पू यादव ने कहा कि, ज्ञानेश कुमार को फांसी होनी चाहिए। बिजली के खंभे में लटका देना चाहिए, ताकि गरीब, दलित, कमजोर और वंचित आदि के अधिकार और वोट की चोरी करने वालों को सबक मिले। आतंकवादी और उग्रवादी से भी बड़ा आतंकवादी ज्ञानेश है।

तो ज्ञानेश कुमार को गोली मार देते- मुकेश सहनी

वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कल गुरुवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़ा बयान देते हुए कहा था कि, अगर हमको एक खून अगर माफ हो, देश के संविधान अगर हमको इस चीज का इजाजत दे, तो ज्ञानेश कुमार को हम गोली मार देंगे। क्योंकि आज के तारीख में ये देश को खत्म करने में लगे हुए हैं। अगर हमारे ऊपर संविधान नहीं होता, तो हम स्वयं गोली मार देते।

सहनी ने कहा था कि, इस देश में उनके लिए एक कानून लाया गया कि चुनाव आयोग कुछ भी करेगा, उसे सजा नहीं हो सकती। क्या वो भगवान है? उनकी हत्या करने के अलावा दूसरा क्या रास्ता है? अगर उन्हें सजा नहीं हो सकती, उनके ऊपर केस दर्ज नहीं हो सकता, यह देश क्या उनके बाबूजी का है? यह देश 150 करोड़ जनता का है। मुझे संविधान रोककर रखा है, नहीं तो अभी तक सही में गोली मार दिया रहता।

गौरतलब है कि एसआईआर और दोनों चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्ति व असहमति की रिपोर्ट वाली खबर सामने आने के बाद से पूरा विपक्ष चुनाव आयोग पर हमलावर है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगा रहा है। 

ये भी पढ़ें- ‘सम्राट चौधरी को चूड़िंया पहन लेनी चाहिए’, जानें मुख्यमंत्री के लिए किसने कही ये बात?