Bihar Crime: जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना सामने के बाद समस्तीपुर और मधेपुरा से भी इस तरह की घटनाएं सामने आई, जो सभ्य समाज और कानून व्यवस्था दोनों को लेकर सवाल उठा रही हैं। वहीं, अब बांका में भी एक युवती के साथ छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ है। सामने आ रही इस तरह की घटनाओं लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सीएम सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। रोहिणी ने कहा कि, मुख्यमंत्री के साथ-साथ बिहार की सरकार में बैठे लोगों और पुलिस-प्रशासन के लोगों को चूड़ियां पहन लेनी चाहिए।
हैवानों के हौसले बुलंद- रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, पहले जमुई, फिर दरभंगा, उसके बाद समस्तीपुर और अब बांका में हैवानियत की शिकार हुई एक और बेटी, बिहार में केवल कहने को सरकार है। बहन-बेटियों के साथ दरिंदगी का अंतहीन सिलसिला जारी है। सरकार की कमान संभाल रहे लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक लापरवाही और पुलिस की नाकामी के कारण राज्य में बहन-बेटियों की आबरू से खिलवाड़ करने वाले हैवानों के हौसले बुलंद हैं। ऐसा लगता है कि सुरक्षा देने का दावा करने वाले तमाम लोगों ने हाथों में चूड़ियां पहन रखी हैं।
अपनी पीठ थपथपाना समाधान नहीं- रोहिणी
उन्होंने कहा कि, दिखावे की कार्रवाई और कोरी बयानबाजी कर सरकार में बैठे लोगों के साथ-साथ पूरा प्रशासनिक अमला अपनी ड्यूटी निभाने का सिर्फ कोरम पूरा करता दिखता है। तत्काल जरूरत घटनाओं के घटने से रोकने की है , घटना घटने के बाद कार्रवाई की बात कर अपनी पीठ खुद थपथपाना समाधान नहीं है। सरकार और पुलिस-प्रशासन तंत्र में इच्छाशक्ति की इतनी कमी हो चुकी है कि अपराधियों में कानून का नाममात्र का खौफ भी नहीं बचा है।
रोहिणी आचार्य ने कहा कि, जब-जब बहन-बेटियों की सुरक्षा पर सवाल उठता है, तब-तब जिम्मेदार लोग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल कर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। राज्य की यह दयनीय स्थिति साफ बयां करती है कि सरकार पूरी तरह से संवेदनहीन और विफल हो चुकी है।
ये भी पढ़ें- ‘बिहार और बिहारियों के लिए शर्मसार’, छेड़छाड़ की घटनाओं पर चिराग पासवान ने अधिकारियों को चेताया


