शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी द्वारा तीसरा प्रत्याशी उतारे जाने पर तीखा सियासी हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी पर लोकतंत्र की हत्या और हॉर्स-ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) का गंभीर आरोप लगाया है।
तीसरी बार विधायकों को खरीदने का प्रयास
जीतू पटवारी ने कहा कि बीजेपी द्वारा तीसरा उम्मीदवार खड़ा करना और कुछ नहीं, बल्कि तीसरी बार विधायकों को खरीदने का प्रयास है। इससे पहले भी वे दो बार लोकतंत्र की हत्या कर चुके हैं। उन्होंने इसे महज एक राजनीतिक फैसला मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह तीसरा प्रत्याशी उतारना एक सोचा-समझा ‘क्राइम’ (अपराध) है। पटवारी ने साफ किया कि यह फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया है। कोई एक दिन में यह प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया, बल्कि सामूहिक मंथन के बाद ही चुनावी मैदान में प्रत्याशी उतारा गया है।
MP राज्यसभा चुनाव: बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार उतारने के बाद AICC अलर्ट, दिल्ली से भेजे
बीजेपी पर निशाना
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम से समझ में आता है कि पूरी बीजेपी लोकतंत्र की हत्या में शामिल है और जनता को अब इस बात को गहराई से समझना होगा। पीसीसी चीफ ने भारी आत्मविश्वास दिखाते हुए कहा कि “5 लाख प्रतिशत कांग्रेस का प्रत्याशी राज्यसभा चुनाव जीतेगा” और आने वाले फैसले बेहद अप्रत्याशित होंगे। हालांकि, जब उनसे कांग्रेस विधायकों की संभावित ‘बाड़ेबंदी’ (सुरक्षित स्थानों पर भेजने) को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस पर पूरी तरह चुप्पी साध ली।


