सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम के एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की बड़ी वारदात होने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सर्राफा व्यापारी से भारी मात्रा में सोना लूटा गया है। वारदात की खबर मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई है और लुटेरों की तलाश शुरु कर दी गई है। घटना बिलपांक थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मौके पर एसपी अमित कुमार ASP सहित भारी पुलिस बल सर्चिंग तैनाती पर लगा है, हालांकि अभी घटना में कुछ संदिग्ध लग रहा है।
प्रारंभिक रूप से मिल रही जानकारी के अनुसार, रतलाम की जैन कॉलोनी निवासी सर्राफा व्यवसायी अर्पित चौरड़िया बड़नगर से बस में सवार होकर रतलाम जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पांच संदिग्ध व्यक्ति भी बस में सवार हुए। इनमें से एक व्यक्ति बस चालक के पास जाकर बैठ गया, जबकि अन्य संदिग्ध अलग-अलग स्थान पर बैठ गए।
बस रुकवा कर बैग ले भागे
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8 से 9 बजे के बीच रैन मऊ फंटे पर चालक के पास बैठे व्यक्ति ने बस रुकवाई। बस रुकते ही अन्य आरोपियों ने व्यापारी के पास रखा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। व्यापारी अर्पित चौरड़िया सोने के होलसेल कारोबारी बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: MP में साइबर अपराधियों का बढ़ता जाल: 7 महीने में 260 करोड़ की ठगी, ये है साइबर फ्रॉड से बचने का आसान तरीका
5 किलो सोना लूटने की खबर
पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। बस के रूट, यात्रियों और संभावित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल लूटे गए सोने की वास्तविक मात्रा और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की विस्तृत पुष्टि का इंतजार है। लगभग 5 किलो सोना लूटे जाने की जानकारी फिलहाल प्रारंभिक है। जिसकी कीमत 7 करोड़ रुपए बताई जा रही है। घटना स्थल बिलपांक थाना अंतर्गत सातरुंडा (रैन मऊ फंटा) का बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, थाना प्रभारी अयूब खान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बदमाशों की सर्चिग शुरू कर दी। फिलहाल अधिकृत और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। सूत्रों की मानें तो पूरा मामला संदिग्ध लग रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


