आशुतोष द्विवेदी, रीवा। रीवा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। समान थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेषण गृह में एक किशोर अपचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक किशोर को सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र से पॉक्सो एक्ट के एक मामले में बीते सप्ताह बाल संप्रेषण गृह ले जाया गया था। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात उसने परिसर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
ये भी पढ़ें: चिकन शॉप गोलीकांड के बाद फूटा जनाक्रोश: आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर NH-43 जाम, मौके पर पहुंचे एसपी
घटना की सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस, किशोर न्यायिक मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस एफ आई आर कायम कर मामले की जांच में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कड़ी निगरानी वाले बाल संप्रेषण गृह के भीतर किशोर ने आत्महत्या कैसे की और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

