अजयारविंद नामदेव, शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में चिकन शॉप संचालक रज्जन कहार की गोली मारकर हत्या के बाद लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। रविवार को मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर श्रीवास्तव मोड़ के पास चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी हत्या के मुख्य आरोपी राजकुमार शर्मा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
READ MORE: गोली मारकर हत्या से फैली सनसनीः नकाबपोश बदमाशों ने हवाई फायर कर चिकन शॉप संचालक को मारी गोली
अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी रज्जन कहार अपनी चिकन शॉप पर मौजूद थे, इसी दौरान आदतन अपराधी बताए जा रहे राजकुमार शर्मा वहां पहुंचा और कथित रूप से हवाई फायरिंग करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रज्जन ने इसका विरोध करते हुए उसे ऐसा करने से मना किया, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने रज्जन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया,उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी तथा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शव के साथ NH-43 पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
READ MORE: हैवान बना चाचा: नाबालिग भतीजी से किया दुष्कर्म, सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी
पुलिस ने मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच तेज कर दी है तथा आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

