MP Road Accident: मध्य प्रदेश में शुक्रवार का दिन सड़क हादसों से भरा रहा। 5 अलग-अलग जगहों पर दर्दनाक हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आइये जानते हैं कहां किस तरह हादसा हुआ…  

मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो खाई में पलटी, 7 वर्षीय मासूम समेत 2 की मौत, 8 घायल

तनवीर खान, मैहर। मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहाड़ी के पास नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अमरपाटन निवासी एक परिवार अपने एक परिजन को रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। सभी लोग बोलेरो वाहन से वापस अमरपाटन लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम पहाड़ी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो पलटते हुए गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में जुली पटेल (7 वर्ष), पिता उमेश पटेल, निवासी अमरपाटन तथा भूपेन्द्र पटेल (70 वर्ष), पिता मुन्ना पटेल, निवासी अमरपाटन की मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार अन्य आठ लोग घायल हो गए हैं। घायलों में तीन लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि बोलेरो में 10 से अधिक लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सीहोर: भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक; एक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर

अनिल मालवीय, ​इछावर। इछावर थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।

​रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुसी बाइक

​जानकारी के अनुसार, प्रकाश नायक अपने दोस्त भोला के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक आगे चल रही रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

​एक की मौके पर मौत, दूसरा भोपाल रेफर

​इस दर्दनाक हादसे में प्रकाश को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में उसका दोस्त भोला गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल भोला को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया है।

इछावर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह घटना बीती रात मंडी के पास हुई है।

सतना के कोठी में भीषण सड़क हादसा, टायर फटने से पलटी बस, 30 यात्री हुए घायल

अनमोल मिश्रा, सतना। जिले के कोठी थाना क्षेत्र के सोनौर मोड़ में एक यात्री बस टायर फटने से पलट गई, जिसमें करीब 30 लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। 

दरअसल, चित्रकूट से सतना जा रही यात्री बस शुक्रवार को कोठी के सोनौर मोड़ में बस का टायर फटने से पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही पुलिस को भी सूचना दे दी थी। मौके पर पहुंची कोठी थाना पुलिस ने 30 घायल यात्रियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोठी भेजा, जहां घायलों का उपचार किया जा रहा है। 

घायलों के अनुसार ड्राइवर बस काफी तेज गति से चला रहा था। सोनौर मोड में बस का टायर फटने से ड्राइवर बस को नियंत्रित नही कर पाया और ये हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस ने बस को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

धार में फोरलेन पर यात्री बस व कंटेनर में हुई भिड़ंत, कई घायल

रेणु अग्रवाल, धार। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर खरेली घाट में एक यात्री बस व कंटेनर में भिड़ंत हो गई। हादसे में कुछ यात्रियों को चोट आई है। घटना के बाद अफरा-तफरा भी मच गई थी। अमझेरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर फोरलेन पर यातायात सुचारू करवाया।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह इंदौर से झाबुआ की और जा रही यात्री बस क्रमांक MP 45 ZG 9950 की अमझेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरेली घाट में सामने से आ रहे कंटेनर क्रमांक RJ 42 GA 2920 से भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बस रोड़ से नीचे उतर गई। बस में मौजूद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।

हादसे में बस में सवार 3 यात्रियों को चोट आई है वही कंटेनर चालक घायल हुआ है। सभी को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया हैं। बताया जा रहा है कि फोरलेन रोड़ के कट पर एक डंपर टर्न लेते हुए अचानक बस के सामने आ गया था। इसी के चलते बस का संतुलन बिगड़ गया तथा बस सामने आ रहे कंटेट से जा भीड़ी।

अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थे। बस व कंटेनर में भिड़ंत हुई हैं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। तथा फोरलेन पर यातायात सुचारू करवाया गया हैं।

घर के सामने पलटा ट्रक

कुमार इंदर, जबलपुर। कटंगी मार्ग पर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया जब  झगरा गांव के पास घर के सामने एक ट्रक पलट गया। ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मकान के पास पलट गया। हादसे के वक्त घर के आसपास कोई मौजूद नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रक पलटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को हादसे की सूचना दी। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m