अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। एक मां अपनी दुकान में बैठे हुए मासूम बेटे को गोद में लेकर दुलार कर रही थी। मां की गोद में बैठा बच्चा खुद को दुनिया की सबसे सुरक्षित जगह पर समझ रहा था, लेकिन अगले ही पल मौत बनकर आई एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सब कुछ बदल दिया। बेकाबू कार सीधे दुकान में जा घुसी और उसके कलेजे के टुकड़े ने दम तोड़ दिया, जबकि मां खुद गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह हृदयविदारक हादसा शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम भमरहा द्वितीय में हुआ। जहां रफ्तार के कहर ने एक मां की दुनिया उजाड़ दी। जानकारी के मुताबिक, एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में दुकान पर अपनी मां के साथ बैठा 9 वर्षीय मासूम दीपक सिंह कार की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्यौहारी ले जाया गया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रीवा रेफर कर दिया।

ये भी पढ़ें: ‘कैच द रेन’ अभियान में शहडोल की बड़ी छलांग: देशभर में बना मिसाल, टॉप-10 जिलों में दर्ज हुई पहचान

दुर्भाग्यवश, रीवा ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दीपक अपनी मां के साथ दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लेकिन लगातार बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय बन चुके हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग सड़क पर ही नहीं, बल्कि अपने घरों और दुकानों में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m