अजयारविंद नामदेव, शहडोल। ज़रा सोचिए…अगर आपके गांव की बिजली एक दो घंटे नहीं, बल्कि पूरे एक महीने तक गायब रहे तो जिंदगी कैसी होगी…मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां तार चोरों ने 20 बिजली पोलों से बिजली के तार चोरी कर लिए और देखते ही देखते पांच गांव अंधेरे में डूब गए। बिजली नहीं होने से किसानों की खेती ठप है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित है और बरसात के बीच जहरीले जीवों का खतरा भी बढ़ गया है। परेशान ग्रामीणों की जब कहीं सुनवाई नहीं हुई, तो करीब 80 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्ट्रेट पहुंच गए और प्रशासन से रोशनी लौटाने की गुहार लगाई है।

आखिर कब खत्म होगा इन पांच गांवों का अंधेरा ?

आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटी से होकर गुजरने वाली बिजली लाइन के करीब 20 बिजली पोलों से विद्युत तार चोरी हो जाने के कारण आसपास के पांच गांव पिछले एक महीने से अंधेरे में डूबे हुए हैं।

ये भी पढ़ें: “साफ हाथों” से ही अदालत आएं… फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र पर हाईकोर्ट सख्त, शिक्षकों की अपील खारिज

बिजली गुल होने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। किसानों के खेतों में सिंचाई का काम ठप पड़ गया है, वहीं छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी अंधेरे के कारण बाधित हो रही है। बरसात के इस मौसम में रात के समय जहरीले सांप बिच्छुओं और अन्य वन्य जीवों का खतरा बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। बिजली नहीं होने से मोबाइल चार्ज करने, पेयजल व्यवस्था और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने की ये मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचना देने के बावजूद अब तक तार दोबारा नहीं लगाए गए, समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने न्याय की उम्मीद में करीब 80 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि चोरी हुए बिजली तारों को तत्काल बदलकर पांचों गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही तार चोरी करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m