प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में जमीन विवाद को लेकर एक किसान की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों के मुताबिक, पिछले 2-3 साल से जमीन का विवाद चल रहा है। कुछ दिन पहले मेढ़ पर ट्रैक्टर चढ़ाने को लेकर यह विवाद और गहरा गया। बीती रात किसान दूध लेने गया था, तभी आरोपियों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह पूरा मामला तराना तहसील के माकड़ौन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरियाखेड़ी का है। मृतक के भाई भरत शर्मा ने बताया कि राजाराम, कृष्णपाल, नंदकिशोर, बाबूलाल सहित अन्य लोगों ने जीवन को घेरकर हमला किया। इससे पहले दशहरे के दिन भी जमीन को लेकर विवाद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए उज्जैन जिला चिकित्सालय भेजा।
ये भी पढ़ें: जबलपुर में बीजेपी नेता पर चाकुओं से हमला, दोनों पैर में चोट; नशे के अवैध कारोबार को लेकर पहले भी हो चुका है विवाद
खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और समर्थक पोस्टमार्टम रूम पहुंचे। माकड़ौन थाना पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर वीरेंद्र शर्मा, नंदकिशोर और बाबूलाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वारदात में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की सूचना पर भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

