प्रदीप मालवीय, उज्जैन। देश में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के बीच उज्जैन में कमर्शियल सिलेंडरों की अवैध बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। इंदौर-सांवेर की एक गैस एजेंसी के खिलाफ उज्जैन के होटलों में बिना वैध दस्तावेज और नियमों के, बेहद कम दामों में कमर्शियल सिलेंडर खपाए जाने की शिकायत मिली थी। भारत गैस के स्थानीय संचालक प्रकाश गर्ग की शिकायत पर खाद्य विभाग ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर एक मिनी ट्रक (पिकअप वाहन) को भारी मात्रा में भरे और खाली सिलेंडरों के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, वाहन में करीब 42 सिलेंडर लाए गए थे, जिनमें से कुछ रास्ते में ही खपा दिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, 3,284 रुपये की तय सरकारी कीमत के बजाय ये सिलेंडर 2,500 से 3,000 रुपये में अवैध रूप से बेचे जा रहे थे। हैरान करने वाली बात यह है कि बिना किसी वैध कनेक्शन या उपभोक्ता रिकॉर्ड के, होटलों को सीधे 10 से 15 सिलेंडर सौंपे जा रहे थे, जिससे गंभीर हादसे का खतरा बना हुआ था। आरोपियों के पास से अवैध वितरण की एक संदिग्ध सूची भी ज़ब्त हुई है।

ये भी पढ़ें: महाकाल मंदिर में सुरक्षा की बड़ी चूक: ‘पुष्पा’ के गेटअप में पहुंचे युवक को वीआईपी दर्शन, फोटो खिंचवाते रहे सुरक्षाकर्मी

खाद्य अधिकारी रविंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि मौके पर ड्राइवर और उसके साथी के पास परिवहन से जुड़े कोई ठोस दस्तावेज नहीं मिले। विभाग अब उन होटलों और रेस्टोरेंट्स से भी पूछताछ कर रहा है, जिन्होंने यह स्टॉक खरीदा था। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में अनियमितता पूरी तरह साफ है और दोषियों के खिलाफ ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम’ (एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट) की धारा 3/7 के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वाहन और सिलेंडरों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m