प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन में पिछले सात दिनों में आवारा कुत्तों के हमले के तीन मामले सामने आए हैं । देसाई नगर और हाटकेश्वर कॉलोनी में हुई अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग घायल हुए है। हाटकेश्वर कॉलोनी में मंगलवार को ही दो लोगों पर कुत्तों ने हमला कर दिया। जिससे रहवासियों में डर का माहौल बना हुआ है। वहीं लोगों ने नगर निगम से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, मांगीलाल खत्री अपने पोता-पोती को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उन्हें जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोच दिया। उनके शरीर पर कई जगह चोट आई और पांच टांके लगाने पड़े। वहीं बबलू के घर में अचानक कुत्ता घुस आया। उसे बाहर भगाने के दौरान कुत्ते ने उनके हाथ का अंगूठा बुरी तरह चबा लिया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले देसाई नगर में भी एक बुजुर्ग पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।

ये भी पढ़ें: जर्जर पुलिया और सड़क को लेकर अनोखा विरोध: वार्ड पार्षद ने पुलिया पर लगाई PWD मंत्री की फोटो

डॉक्टरों ने की ये अपील

जिला अस्पताल के डॉक्टर जितेंद्र शर्मा ने बताया कि आवारा जानवर के काटने या नोचने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए और तुरंत अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से उपचार लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार रेबीज और टिटनेस का टीका लगवाना जरूरी है। साथ ही पालतू जानवरों के टीकाकरण और बच्चों को उनके साथ अकेला नहीं छोड़ने की सलाह दी।

घायल युवक बबलू का आरोप है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूम रहे हैं और नगर निगम में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द कुत्तों को नहीं पकड़ा गया तो चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा। अब देखना होगा कि नगर निगम इस पर क्या कार्रवाई करता हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m