शिवम मिश्रा, रायपुर। भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय संकुल संयोजक वीडी शर्मा अपने दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने ‘चौकीदार चोर है’ टिप्पणी मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की याचिका बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने पर प्रतिक्रिया दी। वीडी शर्मा ने कहा कि सत्ता पक्ष या विपक्ष के नेता का अपना एक व्यक्तित्व होता है, लेकिन राहुल गांधी का क्या व्यक्तित्व है? उन्होंने कहा कि राजनीति में छोटी और ओछी राजनीति करने वाले राहुल गांधी हैं।

वीडी शर्मा का भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

सांसद वीडी शर्मा के रायपुर पहुंचते ही एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश महामंत्री द्वय यशवंत जैन एवं डॉ. नवीन मार्कंडेय ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सत्कार विभाग के प्रदेश संयोजक आकाश विग, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, भाजपा सांसद वीडी शर्मा बुधवार, 9 सितंबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे मध्यप्रदेश रवाना होंगे।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर होगी बड़ी बैठक

सेवा संकल्प अभियान को लेकर बुधवार को आयोजित बैठक में अभियान की 13 टोलियां शामिल होंगी। बैठक में जनसंवाद और सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H