MP Weather Update: आज से नौतपा की शुरुआत हो रही है। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेशभर में 9 दिन भीषण गर्मी और लू का अलर्ट है। 44 जिलों में हीटवेव चलने की चेतावनी दी गई है। नौतपा की शुरुआत में ही भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन में भयानक गर्मी का दौर देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिकतर जगहों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
नौतपा के पहले ही तप रहा था मध्यप्रदेश
नौतपा से पहले मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। रविवार को छतरपुर जिले का खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म शहर रहा। इन दोनों जगहों का तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज रिकॉर्ड किया गया। दतिया में 45 डिग्री, शाजापुर-टीकमगढ़ में 44 डिग्री, सतना-सागर और दमोह में 44.2 डिग्री, श्योपुर-राजगढ़, मुरैना और गुना में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
ये भी पढ़ें: MP Morning News: गंगा दशहरा आज, भोजशाला में दर्शन करेंगे CM, सुप्रीम कोर्ट में ट्विशा शर्मा केस की होगी सुनवाई, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, जानें एमपी में क्या कुछ रहेगा खास?
मौसम विभाग ने प्रदेशभर में 9 दिन भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड संभाग में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट तो वहीं विंध्य और महाकौशल के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक, भोपाल-ग्वालियर समेत कई शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है।
इन जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
पांच जिलों छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, पन्ना और निवाड़ी में रेड अलर्ट है। 18 जिलों जबलपुर, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, सागर, राजगढ़, रीवा, नरसिंहपुर, दमोह, दतिया, बालाघाट, मैहर, मंडला, मऊगंज, भिंड, कटनी और आगर-मालवा में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, विदिशा, खंडवा, सीहोर, बुरहानपुर, खरगोन, नर्मदापुरम, गुना, अशोकनगर, रायसेन, श्योपुरी, शिवपुरी, मुरैना, मंदसौर, नीमच, अनूपपुर, शाजापुर, रतलाम और डिंडोरी इन जिलों में लू का येलो अलर्ट है। इंदौर, छिंदवाड़ा, देवास, बैतूल, हरदा, सिवनी, पांढुर्णा, धार, बड़वानी, आलीराजपुर और झाबुआ में भी तेज गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।

