MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मानसून सीजन आधा गुजरने के बाद भी बारिश का आंकड़ा सामान्य स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। प्रदेश में अब तक औसतन 401.9 मिमी (15.8 इंच) वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक 470.5 मिमी (18.5 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब भी करीब 15 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों (4 और 5 अगस्त ) तक कही भी भारी बारिश की संभावना नहीं जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश की औसत मौसमी वर्षा 37.3 इंच मानी जाती है, लेकिन अब तक इसका आधा हिस्सा भी पूरा नहीं हो सका है। रविवार को केवल सीहोर जिले में अच्छी बारिश दर्ज हुई, जबकि अधिकांश जिलों में हल्की बारिश ही हुई। विभाग का कहना है कि मानसूनी द्रोणिका और दो मौसम प्रणालियां सक्रिय तो हैं, लेकिन उनमें पर्याप्त मजबूती नहीं है। इसी वजह से फिलहाल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है और भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
ये भी पढ़ें: MP Morning News: मध्य प्रदेश में आज क्या कुछ रहेगा खास? इन खबरों पर रहेगी नजर
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 4 अगस्त से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से 5 अगस्त के बाद प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इस मानसून सीजन में जून में 14 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई थी। जुलाई की शुरुआत और अंतिम सप्ताह में अच्छी बारिश होने से स्थिति में कुछ सुधार जरूर हुआ, लेकिन बीच में मानसून दो बार कमजोर पड़ने के कारण जुलाई भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम वर्षा के साथ समाप्त हुआ।
ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव में किसके सिर सजेगा ताज ? फैसला आज, वोटों की काउंटिंग शुरू
प्रदेश के 42 जिलों, जिनमें भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, उज्जैन, आगर मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया,विदिशा, छिंदवाड़ा, बालाघाट और नर्मदापुरम समेत कई जिले शामिल हैं, जहां औसत से कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं मऊगंज, उमरिया, शहडोल, टीकमगढ़, खंडवा, इंदौर, देवास, राजगढ़, सीहोर सहित 13 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


