प्रदीप मालवीय, उज्जैन (बड़नगर)। मोहर्रम पर्व के दौरान बड़नगर में क्रेन से हवा में लटकाए गए वाहन में विस्फोट के मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले के तीन प्रमुख आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका/NSA) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें केंद्रीय भैरवगढ़ जेल भेज दिया गया है।

मोहर्रम जुलूस के दौरान वाहन में किया था विस्फोट

बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि 23-24 जून 2026 की रात मोहर्रम जुलूस के दौरान वाहन में विस्फोट कर कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति को प्रभावित करने के मामले में मुख्य आरोपी शोएब, तपसील और जाहिद उर्फ जावेद के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की गई है।

तीनों आरोपियों को केंद्रीय भैरवगढ़ जेल भेजा

उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर के आदेश के बाद न्यायालय की प्रक्रिया पूरी कर तीनों आरोपियों को बड़नगर उप-जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच उज्जैन की केंद्रीय भैरवगढ़ जेल भेज दिया गया।

वाहन को हवा में लटकाकर र पटाखों के बारूद से किया था विस्फोट

गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से एक चार पहिया वाहन को हवा में लटकाकर उसके भीतर पटाखों के बारूद से विस्फोट किया गया था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना और लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी।

मुख्य आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई

थाना प्रभारी ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच लगातार जारी है। इससे पहले एफएसएल, जिला पुलिस, स्पेशल ब्रांच और एटीएस की टीम भी मामले की जांच कर चुकी है। अब मुख्य आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई को इस प्रकरण में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m