Bihar News: भोजपुर में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला लगातार तूल पकड़े हुआ है। इस बीच वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने इस मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान सहनी ने कहा कि, जब से सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार बनी है, एनकाउंटर के मामले कुछ ज्यादा ही तूल पकड़ रहे हैं। ये सरासर गलत है। इस पर विशेष जांच होनी चाहिए। कमेटी बनाई जा चुकी है।
संविधान को कुचलकर बनी है सरकार- मुकेश सहनी
मुकेश सहनी ने कहा कि, इससे पहले मुजफ्फरपुर में, निषाद परिवार से पप्पू का एनकाउंटर किया गया था, जो फर्जी थी। यदि उस समय सही से जांच होती, पुलिस पर सवाल खड़े होते तो आज आपको ये एनकाउंटर की घटना देखने को नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि, आगामी समय में समाज को इसी तरह से जागरूक होने की आवश्यकता है। संविधान को कुचलकर ये सरकार बनी है। आने वाले समय में जनता इनका हिसाब लेगी।
महापंचायत में पहुंचे करणी सेना के प्रमुख
बता दें कि आज बिलौटी गांव में भरत तिवारी को न्याय दिलाने और श्रद्धांजलि देने को लेकर महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में पहुंचे करणी सेना के प्रमुख वीर प्रताप सिंह ने परिजनों से मुलाकत कर उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर की और उन्हें इस न्याय की लड़ाई में साथ रहने का भरोसा दिलाया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए वीर प्रताप सिंह ने कहा कि, भरत तिवारी के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो देशभर में समाज के लोग एकजुट होकर आंदोलन को और व्यापक बनाएंगे।
भरत तिवारी के परिजनों से मिले प्रशांत किशोर
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी आज बुधवार को भोजपुर पहुंचे और उन्होंने एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि, हम उनकी मां भाभी और बहन की ओर से मांग कर रहे हैं कि न्याय का मतलब है, जिन लोगों ने हत्या को अंजाम दिया है उसके साथ-साथ उन लोगों की भी जांच हो जिनके कहे पर हत्या को अंजाम दिया गया है।
पीके ने कहा कि, जिन्होंने वो परिस्थिति बनाई, वो (भरत तिवारी) पागल नहीं था। व्यवस्था और अफसरों ने उसे उस मानसिक दशा में पहुंचा दिया था, जहां उसे ये समझ नहीं आ रहा था कि कैसे इनसे डील करें।
ये भी पढ़ें- राजद, कांग्रेस और LJP को झटका: लीलावती गिरि और श्रवण अग्रवाल समेत 50 से अधिक नेता भाजपा में शामिल

