रोहित कश्यप, मुंगेली। पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में मुंगेली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने मुंगेली जिले के जरहागांव और फास्टरपुर थाना में ‘‘ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम’’ का शुभारंभ किया। खास बात यह है कि बिलासपुर संभाग में पहली बार मुंगेली जिले के इन दो थानों में इस डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत की गई है।

पुलिस थानों में विभिन्न अपराधों, मर्ग और अन्य प्रकरणों में जब्त की गई सामग्री को केस प्रॉपर्टी के रूप में मालखाने में सुरक्षित रखा जाता है। बड़ी संख्या में अलग-अलग प्रकार की जब्त सामग्री होने के कारण इनके रिकॉर्ड का व्यवस्थित संधारण और जरूरत पड़ने पर संबंधित सामग्री की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण होता है। इसी व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं तकनीक आधारित बनाने के लिए ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है।

बारकोड से होगी जब्त सामग्री की डिजिटल पहचान
ई-मालखाना सिस्टम के तहत मालखाने में रखी प्रत्येक केस प्रॉपर्टी और जब्त सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। प्रत्येक सामग्री की पहचान और ट्रैकिंग के लिए यूनिक बारकोड का उपयोग किया जाएगा। बारकोड स्कैन करते ही संबंधित केस प्रॉपर्टी की जानकारी डिजिटल सिस्टम में आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इससे किसी प्रकरण से संबंधित जब्त सामग्री की जानकारी जरूरत पड़ने पर कम समय में हासिल की जा सकेगी।
नगदी से लेकर वाहन और हथियार तक का रिकॉर्ड
इस डिजिटल सिस्टम में विभिन्न अपराधों में जब्त की गई नगदी, वाहन, हथियार, NDPS एक्ट से संबंधित सामग्री, आबकारी एक्ट से संबंधित सामग्री सहित अन्य प्रकार की केस प्रॉपर्टी का डिजिटल रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा। इससे पुराने रिकॉर्ड को तलाशने में आने वाली कठिनाइयों को कम करने के साथ ही केस प्रॉपर्टी के रिकॉर्ड को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।
पुलिसिंग में बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही
ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए मालखाना प्रबंधन में तकनीक का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। डिजिटल रिकॉर्ड के कारण जब्त सामग्री की पहचान, उसके रिकॉर्ड और ट्रैकिंग की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी केस प्रॉपर्टी से संबंधित जानकारी के संधारण और उपलब्धता में सुविधा मिलेगी।
IG रामगोपाल गर्ग ने बताया महत्वपूर्ण कदम
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि बिलासपुर रेंज में पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने और लंबित कार्यों के त्वरित एवं व्यवस्थित निराकरण पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ मुंगेली पुलिस की आधुनिक एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि मुंगेली पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी पुलिसिंग उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
SSP भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में पहल
यह पूरी पहल पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में की गई है। मुंगेली के दो थानों से शुरू हुई यह डिजिटल व्यवस्था आने वाले समय में मालखाना प्रबंधन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी, जवाबदेह और व्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


