अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में खेत के बीच बने एक घर में अकेली रह रही 55 साल की विधवा महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रात के अंधेरे में अज्ञात आरोपी ने महिला के सिर पर किसी भारी चीज से ऐसा वार किया कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई, सुबह जब खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सवाल बड़ा है। आखिर खेत में अकेली रहने वाली प्रेम बाई की किससे दुश्मनी थी और किसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल सीधी पुलिस अज्ञात हत्यारे की तलाश में जुटी है।

READ MORE: फोन पर किससे कर रही थी बात? शक्की मिजाज पति ने पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर किया लहूलुहान, पुलिस ने दर्ज किया केस 

सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम दरैन बाहा टोला में खेत पर बने घर में अकेली रह रही 55 वर्षीय विधवा  महिला प्रेम बाई अहिरवार, पति स्व. राम नारायण अहिरवार की हत्या से सनसनी फैल गई। अज्ञात आरोपी ने महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी, वारदात के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि प्रेम बाई के पति शिक्षक थे और उनकी मृत्यु के बाद से वह खेत में ही घर बनाकर अकेली रह रही थीं। परिवार में उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा उमरिया जिले के पाली में डाक विभाग में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा देवशरण अहिरवार गांव में स्थित पुराने घर में अलग रहता है।

READ MORE: कानून का शिकंजा! 95 लाख की रंगदारी और धोखाधड़ी मामले में कुख्यात अब्दुल रज्जाक को झटका, कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि रात के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला पर हमला किया, गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। 

पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि रात के समय महिला के घर के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और किसी संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही तो नहीं हुई। खेत में घर बनाकर अकेली रह रही महिला की इस तरह हत्या किए जाने से गांव में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हत्या की पूरी कहानी और आरोपी तक पहुंचने का रास्ता साफ हो सकेगा। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m