सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवक पर अपनी धार्मिक पहचान छुपाकर एक हिंदू महिला से शादी करने का गंभीर आरोप लगा है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी कहानी

पीड़ित महिला के अनुसार, साल 2022 में अपने पहले पति से अलग होने के बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ सोनीपत के सेक्टर-15 में किराए के मकान में रहने आई थी। वहां उसकी मुलाकात ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली दो युवतियों (कल्पना और रूबी) से हुई। महिला का आरोप है कि रूबी ने उसकी मुलाकात ‘जॉनी’ नाम के एक युवक से करवाई और उसे अविवाहित व अच्छा लड़का बताया। इसके बाद महिला की इंस्टाग्राम पर ‘जैश’ नाम की आईडी चलाने वाले जॉनी से बातचीत शुरू हुई।

शादी के 6 महीने बाद खुली पोल

युवक ने खुद को हिंदू और अपना नाम जॉनी बताकर महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। शादी के करीब 6 महीने बाद महिला के सामने पति की असली सच्चाई आई। महिला को पता चला कि युवक न सिर्फ मुस्लिम है, बल्कि वह पहले से शादीशुदा भी है और पहली पत्नी से उसके 3 बच्चे हैं।

जेठ पर भी गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद जब उसने विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। यही नहीं, महिला ने अपने जेठ पर भी छेड़छाड़ करने और जबरन संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सोनीपत के सेक्टर-27 थाना पुलिस में धोखाधड़ी, मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m