पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के बीच मुजफ्फरनगर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वायरल वीडियो में कुछ कांवड़ियों का एक कार में तोड़फोड़ करते हुए दिखाई देना चर्चा का विषय बना हुआ है. घटना के दौरान कार में सवार लोगों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई. हालांकि, वायरल वीडियो की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही साफ होगी.
इसे भी पढ़ें- KGMU में नॉन-वेज बैन पर सियासी घमासान, सपा ने बताया ‘तुगलकी फरमान’, भाजपा बोली- यह विश्वविद्यालय का फैसला
साइड लगने के बाद बढ़ा विवाद
शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब कथित तौर पर एक कार की साइड एक कांवड़िए को लग गई. इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ कांवड़ियों ने गुस्से में कार को घेर लिया और लाठी-डंडों से तोड़फोड़ शुरू कर दी. वीडियो में कार के शीशे और बॉडी को नुकसान पहुंचाते लोग दिखाई दे रहे हैं.
यहां देखें वीडियो- https://x.com/Sachingupta/status/2077563376952316338
डर के माहौल में भागे कार सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति बिगड़ती देख कार में बैठे लोग वाहन छोड़कर वहां से भाग गए. घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं.
आस्था के नाम पर कानून तोड़ने की छूट आखिर कब तक?
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं. कई लोग यह भी सवाल कर रहे हैं कि ऐसी स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप कर नुकसान को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए. वहीं कुछ लोगों ने पूछा कि आस्था के नाम पर कानून तोड़ने की छूट आखिर कब तक मिलता रहेगा?
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी से भाजपा का असली चेहरा बेनकाब, 2027 में जनता देगी जवाब : अखिलेश यादव
पुलिस जांच के बाद होगी स्थिति साफ
फिलहाल इस मामले में उपलब्ध जानकारी मुख्य रूप से वायरल वीडियो और शुरुआती दावों पर आधारित है. पुलिस की आधिकारिक जांच और बयान के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ, किसकी क्या भूमिका थी और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.

