मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के बीच राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल का अलग अंदाज देखने को मिला. गुरुवार रात वह मुजफ्फरनगर के एक कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचे, जहां उन्होंने शिवभक्तों की सेवा कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया. मंत्री ने थके हुए कांवड़ियों के पैरों पर मलहम-पट्टी लगाई, उनका हालचाल जाना और अपने हाथों से भोजन भी परोसा. इस दौरान उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना भगवान शिव की आराधना के समान है.
इसे भी पढ़ें- ‘7000 करोड़ का कॉस्मेटिक फेशियल’! योगी सरकार के विज्ञापन खर्च पर अखिलेश यादव का तंज
कांवड़ियों के पैर में लगाया मलहम, भजनों पर किया नृत्य
सेवा शिविर पहुंचने के बाद कपिल देव अग्रवाल ने सबसे पहले कांवड़ियों का स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने घायल और थके हुए श्रद्धालुओं की मदद की. भक्ति का माहौल उस समय और भी खास हो गया, जब मंत्री शिवभक्तों के साथ भगवान शिव के भजनों पर झूमते नजर आए. शिविर में मौजूद लोगों ने भी मंत्री के इस सेवा भाव की सराहना की और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए.
प्रशासन की व्यवस्थाओं की मंत्री ने की तारीफ
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया. उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, सफाई कर्मचारियों और सेवा शिविर संचालकों की मेहनत की सराहना की. उन्होंने कहा कि हजारों लोग दिन-रात कांवड़ियों की सेवा में लगे हुए हैं. बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए वाटरप्रूफ टेंट, भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है.
मौलाना साजिद रशीदी के बयान पर मंत्री का पलटवार
कांवड़ियों को लेकर मौलाना साजिद रशीदी के बयान पर कपिल देव अग्रवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देने वाले लोग यात्रा को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं. मंत्री ने मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को समाज के स्तर पर ही रोकना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति समाज में तनाव फैलाने वाले बयान देता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. मुस्लिम समाज के लोग खुद इनकी ठुकाई-पिटाई करके पागलखाने में भर्ती करा दे.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव की दिनचर्या पर CM योगी का बड़ा बयान: ’12 बजे सोकर उठना और 7 बजे…’ जानें पूरा मामला!
विवादित बयान पर बढ़ा सियासी घमासान
मौलाना साजिद रशीदी ने एक घटना को लेकर कांवड़ियों को आतंकी कहा था. इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कई नेताओं ने उनके बयान की आलोचना की है, जबकि मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी इसे लेकर नाराजगी जाहिर की. वहीं, कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन लगातार सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सक्रिय है. जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आराम और चिकित्सा की व्यवस्था की जा रही है.


