मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में चोरों ने एक रिटायर्ड दरोगा के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 2.5 करोड़ रुपये के सोने-चांदी और डायमंड के जेवरात समेत नकदी और शादी के महंगे कपड़े चोरी कर लिए. नवंबर में इकलौते बेटे की शादी होनी थी, जिसके लिए परिवार ने दुल्हन के गहने, लहंगा और गाउन खरीदकर घर में रखे थे. चोरों ने इस सामान को भी नहीं छोड़ा.
इसे भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर बच्चियों ने CM योगी को बांधी राखी, मिला बैग-चॉकलेट; सोशल मीडिया पर फोकस को लेकर दिया ये मंत्र
वारदात गुरुवार देर रात बुढ़ाना तहसील के पीछे स्थित रिटायर्ड दरोगा देशपाल चौधरी के मकान में हुई. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
10 दिन से पत्नी के साथ शामली गए थे रिटायर्ड दरोगा
देशपाल चौधरी 2017 में शामली के झिंझाना थाने से उत्तर प्रदेश पुलिस से रिटायर हुए थे. वह करीब 10 दिन पहले अपनी पत्नी कुसुमलता के साथ शामली में अपने साले के घर गए थे. परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने सूने मकान पर धावा बोल दिया. शुक्रवार सुबह पड़ोसी विनय ने मकान का मुख्य दरवाजा खुला देखा तो देशपाल चौधरी को फोन कर सूचना दी. इसके बाद वह घर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई.
मुख्य गेट से लेकर चार कमरों तक के तोड़े ताले
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा. इसके बाद घर के अंदर प्रवेश कर चार कमरों के दरवाजों के ताले तोड़ दिए. आलमारियों और बक्सों को भी खंगाला गया. रिटायर्ड दारोगा ने बताया कि चोरों ने घर में रखे कीमती सामान को चुन-चुनकर निकाला. बेटे की शादी के लिए खरीदे गए जेवरात भी अलमारियों और बक्सों से निकाल लिए गए.
60-70 तोला सोना, डायमंड हार और 5 किलो चांदी गायब
परिवार के अनुसार, चोर करीब 60 से 70 तोला सोने के जेवरात, एक डायमंड हार, करीब 5 किलो चांदी और ढाई लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. परिवार का दावा है कि चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये है. देशपाल चौधरी के बेटे हेमंत की नवंबर में रुड़की में शादी होनी है. परिवार ने होने वाली बहू के लिए करीब 40 हजार रुपये का लहंगा और करीब 35 हजार रुपये का गाउन भी खरीदकर रखा था. चोर ये दोनों कपड़े भी अपने साथ ले गए. इसके अलावा दोनों बेटियों और परिवार के अन्य सदस्यों के जेवरात भी चोरी हो गए.
इसे भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर यूपी में फ्री बस यात्रा का रिकॉर्डः 9.26 लाख लोगों ने उठाया फायदा, 6 लाख से ज्यादा महिलाएं शामिल
CCTV खंगाल रही पुलिस, डॉग स्क्वायड भी पहुंचा
सूचना मिलते ही बुढ़ाना के सीओ गजेंद्र पाल, कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. डॉग स्क्वायड को भी जांच में लगाया गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. सीओ गजेंद्र पाल ने बताया कि चोर करोड़ों रुपये के जेवरात लेकर गए हैं. उन्होंने कहा कि जांच टीमों को जल्द मामले का खुलासा कर चोरी का सामान बरामद करने के निर्देश दिए गए हैं.


