लखनऊ. रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा का बड़ी संख्या में लोग लाभ उठा रहे हैं. परिवहन विभाग के मुताबिक अब तक 9.26 लाख लोग मुफ्त बस यात्रा कर चुके हैं. इनमें 6.03 लाख महिलाएं और उनके साथ यात्रा करने वाले 3.22 लाख सहयात्री शामिल हैं.
इसे भी पढ़े- रक्षाबंधन पर अखिलेश पर हमलावर हुए राजभर, बोले- ‘वादा करें आपके गुंडे बहनों पर गंदी नजर नहीं रखेंगे’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल के तहत रक्षाबंधन के मद्देनजर महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी गई है. यह सुविधा 29 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी.
9.26 लाख लोगों ने किया मुफ्त सफर
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के पीआरओ अमरनाथ सहाय के मुताबिक रक्षाबंधन को लेकर अब तक 9.26 लाख लोग निशुल्क बस यात्रा कर चुके हैं. इनमें 6.03 लाख महिलाएं शामिल हैं. वहीं, महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले करीब 3.22 लाख सहयात्रियों ने भी इस सुविधा का लाभ उठाया है. सरकार की इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन पर महिलाओं को अपने मायके और परिवार तक आसानी से पहुंचने की सुविधा देना है. मुफ्त यात्रा की वजह से त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं बसों से सफर कर रही हैं.
29 अगस्त रात तक जारी रहेगी सुविधा
परिवहन विभाग के अनुसार महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेगी. यानी निर्धारित अवधि तक महिलाएं सरकारी बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकती हैं. रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से बस संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
60+ महिलाओं के लिए भी शुरू हुई बड़ी सुविधा
रक्षाबंधन की मुफ्त यात्रा के साथ ही उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए भी निशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू हो गई है. ‘लोकमाता अहिल्या बाई मातृ शक्ति यात्रा योजना’ के तहत वरिष्ठ महिला नागरिक यूपी रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी. इस सुविधा का लाभ लेने के लिए महिला का उत्तर प्रदेश की निवासी होना और उसकी उम्र 60 वर्ष से अधिक होना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- रानी लक्ष्मीबाई ने भेजी थी नवाब को राखी, 10 हजार सैनिक लेकर अंग्रेजों से भिड़े थे अली बहादुर, आज भी याद है ये अनोखा रिश्ता
आधार या वोटर आईडी से मिलेगा जीरो फेयर टिकट
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक वरिष्ठ महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए आधार कार्ड या मतदाता पहचान-पत्र साथ रखना होगा. पहचान और उम्र के सत्यापन के बाद परिचालक ईटीआईएम मशीन से शून्य मूल्य यानी ‘जीरो फेयर’ टिकट जारी करेगा.


