मुजफ्फरपुर। जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत तेपरी पंचायत के वार्ड संख्या-10 में देर रात आग लगने की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, रात में खाना बनाने के दौरान चूल्हे से अचानक एक चिंगारी निकली, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूखी घास-फूस और हवा के संपर्क में आने से आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के मकानों को भी अपनी आगोश में ले लिया।

​पीड़ित परिवारों का सब कुछ राख

इस भीषण अग्निकांड में बूटन पासवान, शंकर पासवान, मनोज पासवान और चंद्रदेव पासवान के फूस व पक्के के कुल 6 मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पीड़ितों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घरों में रखा सारा अनाज, रोजमर्रा के बर्तन, कपड़े, नकद रुपये और महिलाओं के सोने-चांदी के गहने जलकर राख हो गए। हादसे में करीब 8 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अपना सब कुछ गंवा चुके पीड़ित परिवार अब इस कड़कड़ाती ठंड और विपदा की घड़ी में खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं।

ग्रामीणों के प्रयास से टला बड़ा हादसा

घटना की भयानकता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो पूरी बस्ती इसकी चपेट में आ सकती थी।

​जान-माल का बड़ा नुकसान टला

राहत की बात यह रही कि इस पूरे हादसे में कोई भी इंसान या मवेशी हताहत नहीं हुआ। हालांकि, आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुके पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजे और राहत सामग्री की गुहार लगाई है।