उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी प्रखंड क्षेत्र के लसगरीपुर पंचायत से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मिठनसराय माधोपुर वार्ड 11 में ब्रह्मपूजा के दौरान कल सोमवार को पीपल के पेड़ की टहनी गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं, 8 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

दो बच्चों की मौत, 8 लोग घायल

मृतक बच्चों की पहचान सोनू कुमार पिता किशोर साह उम्र 14 वर्ष व अनन्या कुमारी पिता दिलीप साह उम्र 8 वर्ष के रूप में हुई है। जबकि घायलों में राजा प्रताप सिंह उम्र 52 वर्ष, हेमंत झा, उम्र 50 वर्ष, जंग बहादुर सिंह उम्र 70 वर्ष, संस्कार कुमार उम्र 7 वर्ष, अभिषेक कुमार उम्र 7 वर्ष, काजल कुमारी उम्र 9 वर्ष, ज्योति कुमारी उम्र 10 वर्ष, अंशु कुमारी उम्र 8 वर्ष शामिल हैं। सभी ग्राम मिठनसराय माधोपुर, कांटी अंचल के निवासी है।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अहियापुर पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने दोनों मृतक बच्चों के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा दिया। वहीं, हादसे में सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से मृतक बच्चों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घायलों के परिजनों में भी मायूसी छाई हुई है।

विधायक ने जिलाधिकारी से की बात

इस मामले की सूचना स्थानीय मुखिया इंद्रमोहन झा द्वारा क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार को दी गई, जो बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लेने के लिए पटना में मौजूद थे। हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने जिलाधिकारी कुमार गौरव से फोन पर बात कर तत्काल अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर भेजने का आग्रह किया एवं बचाव कार्य शुरू करवाने की बात कही।

विधायक ने मुआवजा दिलाने का दिया भरोसा

इसके बाद वे तत्काल बिहार विधानसभा से घटनास्थल पर भी पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर की। विधायक ने कहा कि यह घटना काफी दुखद एवं हृदयविदारक है। साथ ही उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने और सभी घायलों को भी सरकारी सहायता करवाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, यदि प्रशासन द्वारा उचित मुआवजा नहीं मिलता है, तो इस मामले को विधानसभा में भी उठाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- बिहार में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी और पत्नी की निर्मम हत्या