मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस की भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही एक 22 वर्षीय युवती पर एकतरफा प्यार में पागल युवक ने हमला कर दिया। आरोपी पिछले 15-20 दिनों से लगातार युवती का पीछा कर रहा था और प्रेम का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसने युवती को रेप की धमकी दी और चाकू से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

​रास्ते में रोका और घर तक पीछा कर बोला हमला

​पीड़िता नियमित रूप से दौड़ लगाने जाती है। इसी दौरान रवि कुमार नाम का युवक उसे लगातार परेशान करता था। मंगलवार को दौड़ लगाकर घर लौटने के दौरान आरोपी ने दरिया छपरा पोखर के पास उसे रास्ते में रोक लिया और बातचीत करने का दबाव बनाया।
​युवती के इनकार करने पर आरोपी ने उसे रेप करने और उसके पिता व भाई की हत्या करने की धमकी दी। डरी-सहमी युवती किसी तरह जान बचाकर अपने घर पहुंची, लेकिन सिरफिरा आरोपी वहां भी पहुंच गया। उसने घर के बाहर गाली-गलौज और मारपीट करते हुए चाकू से युवती के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

​पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक प्रतिक्रिया

​घटना के बाद आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल युवती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोतीपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया।
​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। थानेदार संजीव कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और वेस्ट-1 डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित आवेदन पर नामजद आरोपी रवि कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।