मुजफ्फरपुर। एक मां ने अपनी बेटी की लाश को चुपचाप दफना दिया और शक मिटाने के लिए उसके ऊपर आम का पौधा लगा दिया। करीब डेढ़ महीने बाद जब पुलिस ने इस राज से पर्दा उठाया, तो खुदाई के बाद शव प्लास्टिक में लिपटा हुआ बरामद हुआ। पुलिस ने मृतका की मां समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला मुजफ्फरपुर के जजुआर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव का है।
खेत में दफनाया शव
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 15 दिन पहले लापता हुई पलक कुमारी के रूप में हुई है। पलक औराई थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित एक निजी स्कूल में टीचर थी और बच्चों को पढ़ाती थी। परिवार का दावा है कि 1 सितंबर को प्रेम-प्रसंग में अनबन के बाद उसने खुदकुशी कर ली थी। डर की वजह से परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों की मदद से रात में खेत में गड्ढा खोदकर शव को प्लास्टिक में लपेटकर दफना दिया और अगले दिन वहां आम का पौधा लगा दिया, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद मां मंझली बेटी के साथ राजस्थान चली गई।
7 घंटे की खुदाई के बाद बरामद हुआ शव
करीब 15 दिन पहले पलक के लापता होने का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने इसकी छानबीन की। गांव में परिवार का घर बंद मिलने और राजस्थान से लौटने की सूचना पर पुलिस ने मां और उसकी मंझली बेटी को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर बुधवार को कटरा के अंचलाधिकारी की मौजूदगी में खेत की खुदाई करवाई गई। खेत में चारों तरफ पानी होने और मिट्टी की स्थिति के कारण शव निकालने में लगभग 7 घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
इन एंगल पर पुलिस कर रही गहरी छानबीन
- हत्या या आत्महत्या: पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पलक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसकी हत्या की गई या उसने आत्महत्या की।
- शव छुपाने वाले शामिल लोग: मां के अलावा शव ठिकाने लगाने और गड्ढा खोदने में कौन-कौन शामिल था, इसका पता लगाया जा रहा है।
- प्रेम-प्रसंग और अन्य पहलू: पुलिस मां के इस दावे की भी सत्यता जांच रही है कि मामला प्रेम-प्रसंग का है या इसके पीछे कोई और वजह है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

