कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और अवैध देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और बंधक बनाई गई दो नाबालिग बच्चियों को सकुशल मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार छापेमारी और आगे की जांच जारी है।
अपहरण के खुलासे से हुआ पूरे रैकेट का पर्दाफाश
यह पूरा मामला तब सामने आया जब पानापुर करियात थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस सिलसिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजय शाह नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पानापुर करियात थाने में जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के एक ब्यूटी पार्लर में लड़की के होने की संभावना जताई।
इस सूचना के आधार पर पुलिस दल ने काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला के पास छापेमारी की और अपहृत लड़की को बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि उस नाबालिग बच्ची से ब्यूटी पार्लर की आड़ में जबरन अवैध देह व्यापार कराया जा रहा था।
विशेष पुलिस टीम का गठन और ताबड़तोड़ छापेमारी
इस सनसनीखेज घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी वन) सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस संयुक्त टीम में पानापुर करियात, महिला, नगर और काजी मोहम्मदपुर थानों के अधिकारी वकर्मी शामिल थे।
बरामद बच्ची और मुख्य आरोपी संजय शाह की निशानदेही पर पुलिस ने काजी मोहम्मदपुर और नगर थाना क्षेत्रों के अलग-अलग ब्यूटी पार्लरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
- पहली बड़ी कार्रवाई: नया टोला स्थित एक पार्लर में छापेमारी के दौरान जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) की रहने वाली माया देवी और वैशाली जिले की पूनम देवी को आपत्तिजनक सामग्रियों के साथ गिरफ्तार किया गया। साथ ही, वहां से एक अन्य नाबालिग बच्ची को भी बंधक मुक्त कराया गया।
- दूसरी बड़ी कार्रवाई: गिरफ्तार माया देवी के खुलासे पर नगर थाना क्षेत्र के कटहीपुल रोड स्थित पुरानी धर्मशाला चौक के पास तीन अलग-अलग ब्यूटी पार्लरों में छापेमारी की गई, जहां से 9 अन्य अभियुक्तों को पकड़ा गया।
घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन किए। इस संदर्भ में काजी मोहम्मदपुर और नगर थानों में अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार 12 आरोपियों के नाम
पुलिस की अब तक की कार्रवाई में कुल 12 लोगों को दबोचा गया है, जिनके पास से 11 मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं:
- संजय शाह (सदर थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर)
- माया देवी (जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल)
- पूनम देवी (वैशाली जिला)
- सोनी देवी (सरैया थाना क्षेत्र)
- रीना देवी (जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल)
- सुलेखा कुमारी (सीतामढ़ी जिला)
- बिला दास (सदर थाना क्षेत्र)
- सुमंती देवी (पारु थाना क्षेत्र)
- मरजीना खातून (कुढ़नी थाना क्षेत्र)
- चिंता देवी (पारु थाना क्षेत्र)
- किरण देवी (सकरा थाना क्षेत्र)
- पूजा देवी (काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र)
पुलिस के अनुसार, यह एक बहुत बड़ा आपराधिक रैकेट है। इस मामले में संलिप्त अन्य चेहरों और ठिकानों का पता लगाने के लिए आगे की सघन कार्रवाई और पूछताछ जारी है।


