मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात मर्चेंट नेवी के जूनियर ऑफिसर पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

​दोस्त को बचाने पहुंचे थे मर्चेंट नेवी ऑफिसर

​भगवानपुर के श्रीराम नगर निवासी 30 वर्षीय अभिजीत कुमार उर्फ गोलू मर्चेंट नेवी में जूनियर ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे श्रीराम नगर गाछी के पास कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अभिजीत के दोस्त आदित्य का उन युवकों से किसी बात पर विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
​आदित्य ने फोन कर अपने दोस्त रंजीत और अभिजीत को मौके पर बुलाया। दोनों बुलेट बाइक से तुरंत वहां पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश की। कुछ देर की कहासुनी के बाद जब विवाद थमा, तो अभिजीत और रंजीत अपने दोस्त आदित्य को लेकर वहां से निकलने लगे।

​पीछे से आकर मारी गोली

​रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब तीनों युवक बाइक से लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाश पीछे से आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीधे अभिजीत कुमार की जांघ में जा लगी और आर-पार निकल गई। गंभीर रूप से घायल अभिजीत जमीन पर गिर पड़े और उनका अत्यधिक खून बहने लगा।
​घटना के तुरंत बाद उनके दोस्त उन्हें एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। अगले दिन शुक्रवार सुबह परिजन जख्मी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे।

​ 3 नामजद आरोपी गिरफ्तार के दायरे में

​हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब 12 घंटे तक जख्मी या उसके परिजनों ने सदर थाना पुलिस को इसकी आधिकारिक सूचना नहीं दी। सोशल मीडिया और सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर अभिजीत का फर्द बयान दर्ज किया।
​फर्द बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बीबीगंज निवासी अनुराग कुमार, नंदपुरी निवासी राजू और चांदनी चौक, ब्रह्मपुरा निवासी निखिल कुमार को नामजद आरोपी बनाया है। सीसीटीवी में बाइक पर पीछे बैठा युवक गोली चलाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

​पुराने विवाद से भी जुड़ रहे हैं मामले के तार

​पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वर्ष 2019 में भी आरोपित पक्ष से इनका आपसी और वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ था। एसडीपीओ टाउन 2 कार्तिकेयन ए के ने बताया कि पुलिस पुराने विवाद और वर्तमान घटना के बीच के संबंधों की गहराई से जांच कर रही है। सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।