अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के रमडीहरा गांव में विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रतिमा लेकर जा रहे ट्रैक्टर को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक युवक घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सोन नदी की ओर जा रहे थे

जानकारी के अनुसार रमडीहरा गांव में विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई थी। शुक्रवार को गांव के युवक प्रतिमा को ट्रैक्टर पर लेकर विसर्जन के लिए सोन नदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-2C पर ट्रैक्टर की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पर सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे में आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी की मौत हो गई। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाए गए हैं। वहीं दो घायलों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जमुहार स्थित मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है।

ट्रक में लगाई आग

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक की पहचान कर ली गई है। बताया गया कि ट्रक पर गिट्टी लदी हुई थी।
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।