तृणमूल कांग्रेस में मचे घमासान के बीच ममता बनर्जी को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब उनके सबसे ख़ास माने जाने वाले कल्याण बनर्जी ने भी बागी गट ज्वाइन कर लिया. उन्होंने ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर तमाम आरोप लगाते हुए साफ़ कहा कि, दीदी को मेरे और अभिषेक में से एक को चुनना पड़ेगा. इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब अभिषेक बनर्जी ने पार्टी में हो रही अपनी आलोचनाओं का जवाब दिया है. पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि कल्याण बनर्जी मेरे ख़िलाफ़ बोल सकते हैं. उन्होंने मुझे बचपन से देखा है. इसलिए हम पार्टी के अंदर ही हर बात पर चर्चा करेंगे. कल्याण बनर्जी के प्रति मेरे मन में कोई कड़वाहट नहीं है. मैं उनके खिलाफ कुछ नहीं बोलूंगा.

अभिषेक बनर्जी को बताया था घमंडी

कल्याण बनर्जी ने गुरुवार को कहा था कि अभिषेक बनर्जी ‘बहुत घमंडी’ हैं. उन्होंने सीनियर नेताओं का सम्मान नहीं करना सीखा है. कल्याण नेर पार्टी की हार और मौजूदा संकट के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया. ममता बनर्जी को अल्टीमेटम देते हुए कल्याण ने कहा था कि पार्टी में आप या तो अभिषेक को रखें या फिर मुझे. अगर पार्टी अभिषेक के बिना नहीं चल सकती तो मैं नहीं रहूंगा. मैं ममता दीदी के साथ हूं.

कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कल्याण के आरोपों का संयत स्वर में जवाब देते हुए कहा कि वे मेरे सीनियर हैं, उन्होंने मुझे बड़ा होते देखा है, उन्हें अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है. मैं उनका सम्मान करता हूं.

लड़ाई में एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे

अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी को संबोधित करते हुए कहा कि हम इस लड़ाई में एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे. आप हमें झुका नहीं सकते, हम एजेंसियों से नहीं डरते. ED, CBI और CID हम पर हावी नहीं हो सकते. MLA और MP को खरीदकर TMC को झुकाया नहीं जा सकता. आप इस तरह TMC को तोड़ नहीं सकते. आपने कहा था कि आप अन्नपूर्णा भंडार देंगे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं. पहले खुद से सवाल पूछिए.

जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करूंगा

CID की पूछताछ पर TMC महासचिव ने कहा कि आपको पता है कि CID ने मुझे बुलाया था. मुझे कल शाम 6 बजे से पहले यह सूचना मिली थी. मैं वहां साढ़े 5 घंटे तक रहा. मुझे 14 जून को फिर से बुलाया गया है. मैं वहां जाऊंगा. मैं इस तरह की जांच में हमेशा सहयोग करता हूं. मुझे किसी दूसरे मामले में भी एक और समन मिल सकता है. उन्होंने कहा कि वे जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करेंगे.

शत्रुघ्न सिन्हा ने भी कहा था- मेरी नेता सिर्फ ममता

बता दें कि बंगाल में हार के बाद TMC में भगदड़ मची हुई है. पार्टी के वरिष्ठ नेता छोड़कर जा रहे हैं. TMC छोड़ने वाले ज्यादातर नेता अभिषेक बनर्जी पर पार्टी के फैसलों में मनमानी, सीनियर नेताओं की अनदेखी का आरोप लगा रहे थे. गुरुवार को पार्टी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी कहा था कि वे जब तक टीएमसी में रहेंगे तब तक उनकी नेता ममता बनर्जी ही रहेगी. उनके अलावा वे न तो किसी को जानते हैं और न ही मानते हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m