वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के सकरामा गांव में बीते दिनों एक बेहद ही दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया था, जहां महज एक नींबू तोड़ने के मामूली विवाद को लेकर एक 14 वर्षीय मासूम बच्चे की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।
सांसद और मंत्री ने व्यक्त की संवेदना
इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने और सांत्वना देने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेता जमुई सासंद अरुण भारती और बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान सकरामा गांव पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
सरकारी मुआवजे और कार्रवाई की मांग
दोनों नेताओं ने घटनास्थल से ही नालंदा के पुलिस अधीक्षक (SP) और जिलाधिकारी (DM) से फोन पर बात की। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को अविलंब सरकारी मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए उन्हें उचित सुरक्षा घेरा मुहैया कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शांती बनाए रखने की अपील
इस संवेदनशील मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी और स्टेट बैंक के प्रबंधक बृजेश कुमार ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा कि, यह घटना दो गुटों के बीच के विवाद का परिणाम है, इसलिए इसे और अधिक तूल देने या किसी भी प्रकार का उपद्रव और उत्तेजना फैलाने से बचना चाहिए। जो दुर्घटना होनी थी वो हो गई, लेकिन अब हमें कानून को अपने हाथ में नहीं लेना है।
उन्होंने कहा कि, हम बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान और कानून को मानने वाले लोग हैं। हमें जिला प्रशासन और देश की कानून व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। हत्यारे को कानूनन सख्त से सख्त सजा मिलकर रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे यहां किसी राजनीतिक मंशा से नहीं, बल्कि अपने समाज के एक अंग के रूप में परिवार के दुख-सुख में भागीदार बनने आए हैं। फिलहाल गांव में एहतियातन शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
ये भी पढ़ें- पटना में खौफनाक वारदात: ऑटो चालक की हत्या कर शव के किए तीन टुकड़े, सिर अब भी लापता

