वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के आशानगर मोहल्ले में कल बुधवार को एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कविता कुमारी के रूप में हुई है, जो पंजाब नेशनल बैंक, वर्धमान (पश्चिम बंगाल) में कार्यरत बैंक मैनेजर शंभु कुमार रजक की पत्नी थीं।
घर में फंदे से लटका मिला शव
घटना के समय कविता कुमारी घर में अकेली थीं, जबकि उनका 6 वर्षीय बेटा और 11 वर्षीय बेटी स्कूल गए हुए थे। तय समय पर बच्चों को लेने नहीं पहुंचने पर पति ने पड़ोसियों से घर जाकर देखने का अनुरोध किया। पड़ोसी जब घर पहुंचे तो उन्होंने किचन में कविता कुमारी का शव फंदे से लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सोहसराय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिता ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मृतका के पिता अरविंद रजक ने घटना पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें महिला ने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने और बच्चों की परवरिश की चिंता का उल्लेख किया है।
ये भी पढ़ें- Patna Student Protest: पटना में छात्रों का आंदोलन तेज, आज से AISA का अनिश्चितकालीन धरना


