वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर इंसानियत और जीवन की नई शुरुआत की एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली। दिल्ली से अपने गांव लौट रही एक गर्भवती महिला ने श्रमजीवी एक्सप्रेस में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। पहला बच्चा चलती ट्रेन में पैदा हुआ, जबकि दूसरा बच्चा बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर जन्मा।
पति संग गांव लौट रही थी महिला
महिला के पति दशरथ ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी करता है और प्रसव का समय नजदीक होने के कारण अपनी पत्नी सिम्पू देवी को लेकर गांव लौट रहा था। यात्रा के दौरान अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों की मदद से महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
प्लेटफॉर्म पर दिया दूसरे बच्चे को जन्म
इसी बीच ट्रेन बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां महिला को फिर तेज प्रसव पीड़ा हुई और प्लेटफॉर्म पर ही उसने दूसरी संतान, एक बच्ची, को जन्म दिया। इस दौरान कई लोग केवल देखते रहे, लेकिन किन्नर समाज के लोगों ने आगे बढ़कर मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने जच्चा और दोनों नवजातों की जिम्मेदारी संभाली, तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और तीनों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया।
मां और दोनों बच्चे स्वस्थ
फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में मां और दोनों जुड़वा बच्चों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार मां और दोनों नवजात बेटे स्वस्थ हैं, जबकि नवजात बच्ची की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। किन्नर समाज की इस संवेदनशील पहल की हर ओर सराहना हो रही है।
ये भी पढ़ें- तेजस्वी यादव ने बंटी यादव के परिवार को सौंपा 5 लाख का चेक, बच्चों की पढ़ाई का लिया जिम्मा


