कुंदन कुमार, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज गुरुवार (6 अगस्त) को पार्टी कार्यालय पर बंटी यादव हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार ढांढस बंधाया और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने मृतक बंटी यादव के पीड़ित परिवार के लिए बड़ा ऐलान करते हुए यह ऐलान किया कि मृतक बंटी यादव के दोनों बच्चों की 12वीं तक की पढ़ाई-लिखाई का पूरा खर्च राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उठाएगी।

परिवार को सौंपा 5 लाख का चेक

इस दौरान तेजस्वी यादव ने बंटी यादव के परिवार के 5 लाख का चेक भी सौंपा। साथ ही परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने सम्राट सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, सम्राट सरकार अभी तक बंटी यादव के हत्यारे को पकड़ नहीं पाई है।

सरकार से कर दी ये बड़ी मांग

तेजस्वी यादव ने मृतक बंटी यादव के परिजनों से मुलाकात की कुछ तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया एक्स पर भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, पुलिस संरक्षण में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर उसका मुखर विरोध करने पर बीते दिनों बंटी यादव की अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी थी। हमने पहले दिन से ही परिजनों से बात कर उनकी हर स्तर पर हर संभव मदद का भरोसा दिया था।

आज शहीद बंटी यादव जी के बच्चों के सुनहरे भविष्य एवं शिक्षा खर्च के लिए 5 लाख रुपए का चेक देकर आर्थिक मदद की तथा साथ ही सरकार से शहीद परिवार को सरकारी नौकरी, 50 लाख मुआवजा, दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा कड़ी सजा सुनिश्चित करने की मांग की।

डेहरी ईओ हत्याकांड का भी उठाया मुद्दा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने डेहरी ईओ विमल कुमार हत्याकांड का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि, ईओ विमल कुमार हत्याकांड मामले में हमने सवाल उठाया। सरकार तक बात भी पहुंची, लेकिन सरकार इस मामले में आरोपी लोजपा विधायक को बचाने का काम कर रही है। विधायक को संरक्षण दे रही है।

गौरतलब है कि मृतक ईओ अधिकारी की पत्नी ने डेहरी के वर्तमान विधायक सोनू सिंह पर रंगदारी मांगने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि ईओ अधिकारी के ड्राइवर ने ही उनकी हत्या की है और उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। जबकि आरोपी ड्राइवर की पत्नी का कहना है कि पुलिस के दबाव में आकर उन्होंने यह बयान दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।

ये भी पढ़ें- MLC बने मंत्री दीपक प्रकाश, सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ