वीरेंद्र कुमार/नालंदा। जिले में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार देर शाम सोहसराय थाना क्षेत्र के 17 नंबर मोड़ स्थित जगदंबा होटल में दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। बिल भुगतान के बाद भी खाना खाने आए युवकों ने न केवल होटल में तोड़फोड़ की, बल्कि होटल मैनेजर को बेरहमी से पीटा। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पुलिस की मौजूदगी और गलतफहमी से शुरू हुआ विवाद
होटल संचालक शशि रंजन के अनुसार घटना के समय होटल में 8 से 10 युवक खाना खा रहे थे। इसी दौरान उन युवकों के बीच आपस में ही किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इत्तेफाक से गश्त पर निकली सोहसराय थाना पुलिस भोजन करने के लिए उसी होटल में पहुंची। पुलिस को देखते ही उन युवकों ने उनसे भी उलझना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख पुलिसकर्मी बिना भोजन किए ही वहां से वापस लौट गए।
गलतफहमी बनी मैनेजर की पिटाई का कारण
पुलिस के वापस जाने के बाद, उन उपद्रवी युवकों को यह गलतफहमी हो गई कि पुलिस को होटल के कर्मचारियों ने ही बुलाया था। इसी बात से आक्रोशित होकर वे आपा खो बैठे। युवकों ने मैनेजर नीतीश के साथ पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया और देखते ही देखते लात-घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने होटल के फर्नीचर और अन्य सामान को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और दहशत का माहौल
इस हिंसक घटना के बाद से होटल संचालक और अन्य कर्मचारी काफी दहशत में हैं। होटल संचालक ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जा रही है।
इस संबंध में सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल चुका है। वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त होते ही नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

