वीरेंद्र कुमार, ​नालंदा। ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने वाले एक युवक को अपनी मेहनत के पैसे मांगना इस कदर भारी पड़ा कि उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। मजदूरी के मामूली विवाद को लेकर एक युवक को कथित तौर पर खौलते हुए तेल की कड़ाही में धकेल दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया था। करीब आठ दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद आखिरकार सोमवार को उसकी इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई।

​ब्रह्मभोज के काम में ले गए थे आरोपी

​मृतक की पहचान दरुआरा बेलदारी पर गांव के रहने वाले बालगोविंद चौहान के 30 वर्षीय बेटे कामों चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कामों कुछ दिन पहले ही बाहर से ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करके अपने घर लौटा था। नूरसराय थाना क्षेत्र के कोंदी गांव के रहने वाले दिलीप और राजा नाम के चाचा-भतीजे उसे हलवाई के काम में हाथ बंटाने के लिए दरुआरा बथानी पर आयोजित एक ब्रह्मभोज में अपने साथ ले गए थे।

​मजदूरी के पैसों को लेकर हुआ खूनी विवाद

​मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान ने आरोप लगाया है कि चार अक्टूबर की रात करीब आठ बजे जब सारा काम खत्म हो गया, तब कामों ने अपनी मजदूरी के पैसे मांगे और घर जाने की अनुमति चाही। इसी बात पर दोनों आरोपियों को गुस्सा आ गया और विवाद बढ़ने पर उन्होंने पहले उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद भी जब उनका मन नहीं भरा, तो उन्होंने बेरहमी से उसे खौलते हुए तेल की कड़ाही में धक्का दे दिया, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया।

​इलाज के दौरान तोड़ा दम

​घटना के तुरंत बाद घायल कामों को पहले बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे पावापुरी रेफर कर दिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पटना समेत अन्य जगह ले जाया गया। परिवार वालों ने बताया कि उसके इलाज में छह लाख रुपये से अधिक खर्च हो चुके थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकेगी और सोमवार को उसकी सांसें थम गईं। कामों अपने पीछे दो मासूम बेटों और दो बेटियों समेत पूरा परिवार छोड़ गया है, जिससे घर में कोहराम मचा हुआ है।

​पुलिस कार्रवाई और जांच

​इस मामले में नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने जानकारी दी है कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस जघन्य घटना को अंजाम देने वाले फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।