वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के कटवारसलपुर गांव में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। यहां एक शादीशुदा महिला और गांव के ही एक युवक के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग का अंत पुलिस और समाज की मौजूदगी में शादी के रूप में हुआ। बताया जाता है कि महिला तीन बच्चों की मां है और उसका गांव के एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था।

पति ने दोनों को संदिग्ध हालत में पकड़ा

ग्रामीणों और महिला के पति ने दोनों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया, जिसके बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर खुदागंज थाना पुलिस, स्थानीय मुखिया, सरपंच और दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंचे। सामाजिक स्तर पर बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला के पति, युवक के पिता और अन्य लोगों की मौजूदगी में बातचीत हुई।

आपसी सहमति से महिला और प्रेमी का हुआ विवाह

बैठक में आपसी सहमति बनने के बाद खुदागंज स्थित भारत माता स्थान में दोनों का विवाह करा दिया गया। बताया जा रहा है कि विवाह महिला के पहले पति की सहमति और मौजूदगी में संपन्न हुआ। वहीं शादी के बाद महिला के तीनों बच्चों ने अपनी मां के साथ जाने से इंकार करते हुए पिता के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद बच्चों को उनके पिता के पास ही छोड़ दिया गया। फिलहाल नवविवाहित जोड़ा गांव छोड़कर बाहर चला गया है। यह अनोखा मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- पति के अवैध संबंध से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, काफी देर तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा