वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी पहाड़ी मोहल्ले से एक नवविवाहिता के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि महिला घर से निकलते समय अपने साथ कुछ कीमती कपड़े, जेवरात और अन्य सामान भी ले गई। घटना के बाद परिवार ने लहेरी थाना में लिखित आवेदन देकर महिला की तलाश और मामले की जांच की मांग की है।
दो साल पहले हुई थी शादी
पीड़ित परिवार ने कहा कि करीब दो वर्ष पूर्व पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र के सरथुआ गांव निवासी मनोज कुमार की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी बड़ी पहाड़ी निवासी कामेश्वर प्रसाद के पुत्र संजीव कुमार से हुई थी। पति संजीव कुमार का आरोप है कि विवाह के बाद से दोनों के बीच संबंध सामान्य नहीं थे और घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
बुधावर को अचानक घर से निकल गई महिला
परिजनों ने कहा कि बुधवार की दोपहर जब संजीव कुमार और उनके पिता दुकान का सामान लाने बाजार गए हुए थे तथा घर पर केवल बुजुर्ग सास मौजूद थीं, उसी दौरान महिला घर से निकल गई। परिवार का दावा है कि बाद में घर की जांच करने पर कुछ सामान भी गायब मिला।
महिला की तलाश में जुटी पुलिस
ससुर कामेश्वर प्रसाद ने पुलिस को दिए आवेदन में कुछ आशंकाएं जताई हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच जारी है। फिलहाल महिला का पता नहीं चल सका है और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- नालंदा: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक और किसान की गई जान, धान की रोपाई करते समय हादसा


