वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिला पुलिस ने चारधाम यात्रा के नाम पर श्रद्धालुओं को ठगी का शिकार बनाने वाले एक बड़े अंतरजिला साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में कतरीसराय पुलिस ने सुंदरपुर गांव में छापेमारी कर चार शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुंदरपुर गांव में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो ‘हिमालयन हेली सर्विस’ के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहा है। यह गिरोह धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर, बस और ट्रेन टिकट बुकिंग का झांसा देकर श्रद्धालुओं को अपना निशाना बनाता था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब सुंदरपुर गांव में छापेमारी की, तो वहां से अंकित कुमार, बॉबी कुमार, सुरज कुमार और अमन कुमार को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।

सस्ती बुकिंग के नाम पर करते थे फ्रॉड

जांच में खुलासा हुआ है कि ये साइबर अपराधी बेहद शातिर तरीके से काम करते थे। सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को सस्ती और तुरंत बुकिंग का लालच दिया जाता था। इसके बाद बुकिंग कन्फर्म करने के नाम पर कुल राशि का 30 प्रतिशत एडवांस अपने बैंक खातों में मंगवाया जाता था। बाकी भुगतान टिकट मिलने के बाद करने की बात कही जाती थी, लेकिन जैसे ही पैसा खाते में पहुंचता, आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो जाते थे।

फर्जी सिम और 6 स्मार्टफोन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 6 स्मार्टफोन, एक कीपैड मोबाइल, फर्जी सिम कार्ड और साइबर ठगी से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच में जुटी है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

इस सफल कार्रवाई में कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक डिटेल, ओटीपी या ऑनलाइन भुगतान साझा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें और लुभावने विज्ञापनों से सावधान रहें।

ये भी पढ़ें- विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त होने से रिश्तों का सफर भी हुआ मुश्किल, नाव पर सवार होकर ससुराल पहुंची दुल्हन