वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ वेना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 80 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध बिहार मध्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त सूचना के आधार हुई कार्रवाई
वेना थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सबसे पहले सिरनावा गांव में छापेमारी कर मिंटू कुमार उर्फ भगत जी को 20 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उपराउल गांव में कार्रवाई करते हुए मिंटू देवी को 5 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
60 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद
इसी क्रम में एक अन्य गुप्त सूचना पर वेना थाना पुलिस ने दोसूत–मलविघा रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो शराब कारोबारियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक से 60 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दिलखुश कुमार, निवासी मलविघा थाना नूरसराय तथा राजा कुमार, निवासी शिवाय बिगहा, को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
वेना थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मध्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर शराब कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bihar Breaking: वीणा मानवी का नामांकन रद्द, पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे तेज प्रताप यादव

