कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल जजद की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन रद्द हो गया है। पार्टी उम्मीदवार की नामांकन खारिज होने की सूचना मिलते ही जजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। तेज प्रताप ने इसे अपने उम्मीदवार वीणा मानवी के खिलाफ षडयंत्र बताया।

कोर्ट जाएंगे तेज प्रताप यादव

निर्वाचन पदाधिकारी से मिलने के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा कि, उनकी पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी के साथ साजिश की गई है। जानबूझकर उनके उम्मीदवार का नामांकन रद्द कराया गया है। उन्होंने कहा कि, उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और इस फैसले को अदालत में चुनौती देंगे। उन्होंने कहा, हम कोर्ट जाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। हमारी उम्मीदवार के साथ अन्याय हुआ है और हमें न्याय जरूर मिलेगा।

कल पटना पुलिस ने किया था गिरफ्तार

गौरतलब है कि कल सोमवार (13, जुलाई) को नामांकन के बाद गांधी मैदान थाना पुलिस ने वीणा मानवी को गिरफ्तार कर लिया था। पटना पुलिस ने साल 2009 में दर्ज एक कथित धोखाधड़ी (धारा 420 सहित अन्य धाराओं) से जुड़े मामले में न्यायालय से जारी वारंट लेकर पहुंची थी। जैसे ही वीणा मानवी नामांकन प्रक्रिया पूरी कर बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान मौके पर करीब आधे घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। हालांकि गिरफ्तारी के कुछ देर बाद उन्हें जमानत मिल गई है।

बीजेपी पर लगाया आरोप

वीणा मानवी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी गिरफ्तार को एक साजिश बताया था। उन्होंने कहा था कि चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। वीणा मानवी ने कहा कि, यह सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है। चुनाव में हार के डर से मुझे फंसाया जा रहा है। जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर को लेकर भावुक हुए नितिन नबीन, बोले- पिता ने संघर्ष से सींचा, उम्मीद है कि……