कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अब अपने चरम पर है। नामांकन के बाद सभी दल के नेता और प्रत्याशी चुनाव प्रचार और समीकरणों को साधने में लगे हुए हैं। इस बीच आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पटना प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बांकापुर उपुचनाव को लेकर बड़ा बयान दिया।
बांकीपुर के प्रति मेरी जवाबदेही- नितिन नबीन
नितिन नबीन ने कहा कि, मैं अपने इलाके के लोगों के साथ खड़ा हूं। एक कार्यकर्ता और पूर्व विधायक तथा प्रतिनिधि होने के नाते मेरी जवाबदेही थी कि मैं अपने लोगों के बीच में निश्चित रूप आकर साथ खड़ा हूं। मुझे खुशी है कि बीजेपी ने बांकीपुर के लोगों की सेवा करने का मौका एक मंडल अध्यक्ष को दिया है। मुझे उम्मीद है कि हमारी पार्टी के जिस कार्यकर्ता को यहां से चुनाव लड़ने का मौका मिला है, उन्हें बांकीपुर के लोगों का आशीर्वाद मिलेगा और वे उनकी सेवा करेंगे।
बांकीपुर को पिता ने संघर्ष से सींचा- नितिन नबीन
नितिन नबीन ने कहा कि, मैं बांकीपुर से विधायक रह चुका हूं और अब उपचुनाव होने वाला है। जनता की इच्छा थी कि मैं उनके सामने आऊं….लोगों से मिलूं… इसीलिए मैं पटना आया हूं। उन्होंने कहा कि, पार्टी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए एक साधारण कार्यकर्ता को मैदान में उतारा है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र को मेरे पिताजी नवीन किशोर सिन्हा ने बहुत संघर्ष से सींचा है। हमें भी यहां मौका मिला। कार्यकर्ताओं ने जनता ने मुझे काम करना सिखाया और जनता के आशीर्वाद से मैंने भी कई विकास के कार्य किए, अब जनता के सामने हमारे पार्टी के मंडल अध्यक्ष (नीरज सिन्हा) हैं। हमें उम्मीद है कि जनता इनका भी भरपूर साथ देगी।
नबीन के राज्यसभा जाने पर खाली हुई सीट
गौरतलब है कि बीते साल नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर से नितिन नबीन चुनाव जीतकर विधायक बने थे। हालांकि उनके राज्यसभा जाने और बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह सीट खाली हुई है, जिसपर अब उपचुनाव हो रहा है। बीजेपी ने यहां से नीरज सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है।
बांकीपुर उपचुनाव नितिन नबीन की होगी अग्निपरीक्षा
बांकीपुर की इस सीट पर बीजेपी का दबदबा रहा है। नितिन नबीन इस सीट से लगातार 5 बार विधायक बने हैं। बीजेपी के लिए बांकीपुर का उपचुनाव जीतना बेहद ही जरूरी माना जा रहा है। ऐसा इसलिए है कि नीतीन नबीन यहां से 5 बार के विधायक रहे हैं और अब वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वहीं, सीएम सम्राट चौधरी बीजेपी से सीएम हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी एनडीए को प्रचंड बहुमत मिली थी। ऐसे में बीजेपी, नितिन नबीन और सीएम सम्राट चौधरी के लिए बांकीपुर का उपचुनाव किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगी।
ये भी पढ़ें- बीफ’ के मुद्दे पर रोहिणी आचार्य ने PM मोदी को घेरा, जानें वायरल वीडियो की सच्चाई

