Bihar Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल में ही न्यूजीलैंड दौरे पर थे। पीएम मोदी के न्यूजीलैंड दौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने ऑकलैंड के एक कार्यक्रम के दौरान भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ उत्पादक बताया था। रोहिणी आचार्य ने इस वायरल वीडियो के आधार पर पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोला है।

पीएम मोदी के कथनी और करनी में अंतर- रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, बीफ के मुद्दे पर पीएम मोदी और बीजेपी की ‘कथनी और करनी’ में अंतर है। रोहिणी ने कहा कि, जहां एक तरफ मोदी और बीजेपी के द्वारा राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए, अपने पक्ष में धार्मिक ध्रुवीकरण करने के लिए बीफ को संदर्भ में रख कर लोगों की धार्मिक भावनाओं को भड़काया जाता है, जिससे मॉब लिंचिंग (भीड़ द्वारा हिंसा) और सांप्रदायिक तनाव जैसी स्थितियां पैदा होती हैं।

रोहिणी का पीएम मोदी पर हमला

वहीं दूसरी तरफ, पीएम मोदी के ही द्वारा वैश्विक एवं आर्थिक मंचों पर भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ एक्सपोर्टर बता कर एक आर्थिक उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। रोहिणी ने कहा कि, पीएम मोदी और बीजेपी को ये बताना चाहिए कि क्या ये देश के सामाजिक-धार्मिक सौहार्द व् राजनीति के मद्देनजर खतरनाक दोहरापन नहीं है, जहां राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए सामाजिक ताने-बाने को दांव पर लगाया जाता है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी आर्थिक उपलब्धि बता कर खुद ही अपनी पीठ थपथपाई जाती है?

पीएम मोदी से पूछा ये सवाल

रोहिणी आचार्य ने आगे कहा कि, पीएम मोदी से देश ये जानना चाहता है कि अगर सरकार बीफ निर्यात को देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange) के लिए इतना ही महत्वपूर्ण मानती है, तो घरेलू स्तर पर इस उद्योग से जुड़े लोगों (जिनमें एक बड़ा वर्ग अल्पसंख्यक और दलित समुदाय का है) को भाजपाईयों के द्वारा निशाना बना कर क्यों नफरत की राजनीति और कट्टरपंथ को बढ़ावा दिया जाता है?

पीआईबी ने वायरल वीडियो को बताया फेक

हालांकि पीएम मोदी के जिस वायरल वीडियो को लेकर रोहिणी आचार्य ने हमला बोला है। पीआईबी ने फैक्ट चेक में उस वायरल वीडियो को फेक बताया है। पीआईबी ने कहा कि, पीएम मोदी ने ऑकलैंड कार्यक्रम में ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। उन्होंने अपने संबोधन में भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक बताया था।

ये भी पढ़ें- बंटी यादव हत्याकांड: पप्पू यादव बोले- बिहार में कुछ भी ठीक नहीं, सरकार से कर दी बड़ी मांग