वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में आज बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दरअसल चरण बाइपास सड़क पर पुलिस की बोलेरो और एक बाइक के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
हादसे के बाद बोलेरो का एयरबैग खुला
मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र निवासी पिंटू यादव के 23 वर्षीय पुत्र प्रद्युम्न कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रद्युम्न अपनी बाइक से चरण बाइपास पुल की ओर से पूर्व दिशा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हरनौत की ओर से आ रही पुलिस बोलेरो से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पुलिस बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बोलेरो का ड्राइवर साइड एयरबैग भी खुल गया।
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन से शराब जैसी गंध आ रही थी। हालांकि, इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इस पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और यातायात बहाल कराया।
छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वाहन की गति, चालक की स्थिति और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बाइक पर युवक का खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप, माथे पर मारी गई थी गोली

