वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहार से खेल जगत के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल जिले के राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नए मैदान पर पहली बार घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू किया गया है। 11 अक्टूबर 2026 से 27 जनवरी 2027 तक चलने वाली विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का उद्घाटन नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने किया। इस आयोजन से राजगीर में क्रिकेट गतिविधियों को नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यूपी की टीम से पहला मुकाबला आज
इन प्रतियोगिताओं के दौरान बिहार की टीम अलग-अलग राज्यों और घरेलू क्रिकेट टीमों के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। जारी कार्यक्रम में बिहार का पहला मुकाबला 11 से 14 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश की टीम से होगा। इसके बाद 19 से 22 अक्टूबर तक गोवा और 27 से 30 अक्टूबर तक बड़ौदा की टीम के साथ मुकाबले निर्धारित हैं। वहीं, 11 से 14 दिसंबर तक तमिलनाडु, 26 से 29 दिसंबर तक सौराष्ट्र, 17 से 20 जनवरी 2027 तक जम्मू-कश्मीर और 24 से 27 जनवरी 2027 तक विदर्भ की टीम के खिलाफ मुकाबले खेले जाएंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
क्रिकेट प्रतियोगिताओं के सफल और सुरक्षित आयोजन को देखते हुए राजगीर खेल परिसर एवं स्टेडियम क्षेत्र को निर्धारित मैच अवधि के दौरान अस्थायी रेड जोन और नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान संबंधित क्षेत्र में ड्रोन, हॉट एयर बैलून, पैरामोटर, पैराग्लाइडर, पावर्ड हैंड ग्लाइडर और अन्य गैर-पारंपरिक उड़ने वाली वस्तुओं के परिचालन एवं उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
राजगीर के नए मैदान पर होने वाली इन प्रतियोगिताओं से स्थानीय खेल प्रेमियों को घरेलू क्रिकेट का रोमांच देखने का अवसर मिलेगा। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें बिहार की टीम के प्रदर्शन और राजगीर में होने वाले आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें- ‘युवाओं के लिए ऐसे शब्द का इस्तेमाल…’, मांझी के ‘तेलचट्टा’ वाले बयान पर भड़के चिराग पासवान

